बवाना रोड से बांकनेर अंडरपास तक चला विशेष स्वच्छता अभियान

  ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और सीआरपीएफ जवानों ने किया श्रमदान

बाहरी दिल्ली,(नरेन्द्र):  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चल रहे सेवा एवं स्वच्छता अभियानों के अंतर्गत गुरुवार को बाहरी दिल्ली के वार्ड नंबर-2 बांकनेर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ सामूहिक श्रमदान अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। केंद्र सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत एक अक्टूबर को देशभर में एक घंटे के सामूहिक स्वच्छता श्रमदान का आह्वान किया गया था। इसी कड़ी में बवाना रोड से बांकनेर अंडरपास तक नरेला रेलवे ट्रैक एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन सफाई अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर कूड़ा-कचरा हटाया गया तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया। क्षेत्र के शॉपिंग मॉल सहित अन्य जगहों पर भी स्वच्छता गतिविधियां संपन्न की गईं।अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना केवल सरकारी विभागों या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। सामूहिक सहभागिता से ही अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाया जा सकता है।

निगम पार्षद दिनेश भारद्वाज ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के पावन अवसर पर ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत हम सभी ने आज बांकनेर वार्ड में श्रमदान किया है। स्वच्छता केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। बवाना रोड से बांकनेर अंडरपास तक रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों को साफ करके हमने यह संदेश दिया है कि सामूहिक प्रयास से ही हम अपने क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं।  

सीआरपीएफ जवानों, भाजपा कार्यकर्ताओं, एमसीडी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह अभियान सफल रहा। आइए, स्वच्छता को एक दिन का कार्यक्रम न बनाकर अपनी रोजमर्रा की आदत बनाएं। सेवा का संकल्प, स्वच्छता के साथ—यही हमारा मंत्र है।”

इस मौके पर नगर निगम पार्षद दिनेश भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, सीआरपीएफ के जवान तथा एमसीडी कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और श्रमदान किया।




0/Post a Comment/Comments