बॉलीवुड अभिनेत्री श्रेया नारायण ने मचाई सनसनी, इंस्टाग्राम पर बोलीं- 'उसने बुलाया था!

नई दिल्ली: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रेया नारायण ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रहस्यमयी वीडियो शेयर कर फैंस में खलबली मचा दी। वीडियो में श्रेया ने रहस्य भरे अंदाज में कहा-"उसने बुलाया था!"ये सुनकर लोग हैरान रह गए कि आखिर किसने श्रेया को बुलाया और किस लिए? लेकिन वीडियो के अगले हिस्से में खुलासा हुआ कि ये कोई असली कॉल नहीं, बल्कि पत्रकार-लेखक पीयूष पांडे की नई क्राइम फिक्शन किताब 'उसने बुलाया था' का नाम है।

श्रेया ने जानबूझकर सनसनीखेज स्टाइल में ये वीडियो बनाया ताकि लोगों की उत्सुकता बढ़े और किताब की चर्चा हो। उन्होंने बताया, "मैं इस कहानी को सबसे पहले पढ़ने वालों में हूं। ये किताब हर लड़की से जुड़ी एक बेहद जरूरी और सशक्त कहानी है। क्राइम फिक्शन है, लेकिन इसमें मनोविज्ञान, अपराध और न्याय की गहरी परतें हैं। मैं चाहती हूं कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे पढ़ें, क्योंकि इस पर फिल्म या वेब सीरीज बनने की पूरी संभावना है।"


किताब की कहानी एक युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मनोविज्ञान में शोध कर रही है। एक अप्रत्याशित घटना उसे अचानक हत्यारे के रूप में कोर्ट में ला खड़ा करती है। रोज नए-नए खुलासे होते जाते हैं, जिससे ये मामला देश का सबसे बड़ा सनसनीखेज केस बन जाता है। पेंगुइन स्वदेश ने जनवरी 2026 में इसे प्रकाशित किया है।


दिलचस्प बात ये है कि श्रेया और पीयूष का इस कहानी से पुराना रिश्ता है। सालों पहले पीयूष जब इस प्लॉट पर काम कर रहे थे, तब श्रेया ने ही सुझाव दिया था कि पहले स्क्रीनप्ले लिखा जाए। पीयूष ने बड़े निर्देशकों और लेखकों को प्लॉट सुनाया- शिवम नायर ('नाम शबाना', 'द डिप्लोमेट') और जयदीप साहनी ('चक दे इंडिया') ने इसे शानदार बताया। सिंगापुर फिल्म मार्केट में भी निर्माता मिले थे, लेकिन समय की कमी से प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका। 2018 में खुद श्रेया ने सिंगापुर में इस कहानी को कई प्रोड्यूसर्स के सामने पिच किया था।


पीयूष पांडे कहते हैं, "फिल्म जब बनेगी तो बनेगी, लेकिन ये एक जरूरी कहानी है, इसलिए मैंने पहले उपन्यास लिख दिया।" पीयूष इससे पहले अभिनेता मनोज बाजपेयी की बायोग्राफी लिख चुके हैं, जो पेंगुइन ने प्रकाशित की और गुजराती-मराठी में भी उपलब्ध है।


श्रेया की फिल्मों में 'साहब, बीवी और गैंगस्टर', 'सुपरनानी', 'लाल रंग', 'रॉकस्टार' और 'कुछ करिए' जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं। अब उनकी ये प्रमोशनल कोशिश किताब को सुर्खियां दिला रही है। अगर आपको क्राइम थ्रिलर और सस्पेंस पसंद है, तो 'उसने बुलाया था' अमेजन पर उपलब्ध है। पढ़िए और देखिए, शायद जल्द ही ये ओटीटी पर धमाल मचाए!

0/Post a Comment/Comments